OTHERS

पंडित राजकुमार शुक्ल सम्मान 2026 में डुमरांव के शिक्षक डॉ. मनीष कुमार शशि सम्मानित

बिहार विधानसभा भवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ, शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार विधानसभा के अप भवन में आयोजित भव्य पंडित राजकुमार शुक्ल सम्मान 2026 समारोह का विधिवत शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने उद्घाटनकर्ता के रूप में किया। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, साहित्यकारों एवं गणमान्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने विद्यार्थियों को राज्य की समृद्ध विरासत, इतिहास और संस्कृति से परिचित कराने तथा उसकी गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में अपनी मिट्टी, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर के प्रति जागरूकता पैदा करना समाज और शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। समारोह के दौरान डुमरांव निवासी शिक्षक डॉ. मनीष कुमार शशि को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार तथा उच्च शिक्षा एवं विधि विभाग के मंत्री संजय सिंह टाइगर की संयुक्त उपस्थिति में प्रदान किया गया।

 

डॉ. मनीष कुमार शशि शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं और विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण के लिए भी कार्य करते रहे हैं। उनके योगदान को देखते हुए उन्हें समय-समय पर विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। गौरतलब है कि डॉ. मनीष कुमार शशि को इससे पूर्व विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें राजकीय शिक्षा सम्मान-2023 भी प्राप्त हो चुका है। शिक्षा के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे उनके कार्यों और उपलब्धियों के लिए पंडित राजकुमार शुक्ल सम्मान 2026 से सम्मानित किया जाना डुमरांव और बक्सर जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

समारोह में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. मनीष कुमार शशि को सम्मान प्राप्त करने पर बधाई दी और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशिष्ट लोगों की मौजूदगी ने समारोह को और गरिमामय बना दिया। यह सम्मान बक्सर जिले के लिए भी विशेष उपलब्धि है, क्योंकि डुमरांव की धरती से जुड़े एक शिक्षक ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने कार्यों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के मंच पर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button