OTHERS

राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में सद्भावना दिवस का आयोजन

विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सद्भावना का लिया संकल्प, सेमिनार में राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं योगदान पर हुई चर्चा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
ट्रिनिटी कॉन्वेंट स्कूल में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर सद्भावना दिवस के रूप में विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों, कर्मियों एवं विद्यार्थियों ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।

 

सेमिनार को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्या सोनिका पाण्डेय ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने युवाओं की भूमिका, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार माना। प्राचार्या ने कहा कि राजीव गांधी के विचारों में राष्ट्रीय एकता, सद्भावना और आधुनिक भारत के निर्माण की स्पष्ट सोच दिखाई देती है। उनकी पुण्यतिथि पर उनके सकारात्मक विचारों को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। विद्यालय के उप प्राचार्य राहुल जायसवाल ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन और उनका राजनीतिक योगदान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे विविधताओं वाले देश में आपसी सम्मान, भाईचारा और सद्भावना को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को देश की विविधता, संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए समाज में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

 

विद्यार्थियों ने साझा किए अपने विचार
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन एवं योगदान पर अपने विचार साझा किए। वर्ग 9 की किरण कुमारी, वर्ग 6 की ईश्वरी दुबे एवं वर्ग 8 की निभा ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व, जीवन और देश के लिए किए गए कार्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। सेमिनार के दौरान सद्भावना, आपसी प्रेम, भाईचारा, एकता, सहिष्णुता एवं राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने कहा कि देश की विविधता का सम्मान करते हुए एक-दूसरे के साथ प्रेम, सम्मान और सद्भाव से रहना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।

शिक्षकों एवं कर्मियों की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर कामिनी सिंह, खुशबू सिंह, जागृति कुमारी, स्नेहा श्रीवास्तव, अंजू सिंह, नंदनी, स्नेहा दुबे, मनीषा, अग्रता, शिल्पी वर्मा, सुष्मिता ओझा, अमृता सिंह, मीनल सांडिल्य, उमेश कुमार, अंकित, जेसिका विल्सन, भूपेन्द्र, अजित, राहुल कुमार, निधि पाण्डेय, उपेंद्र कुमार, के.के. उपाध्याय, राम कुमार दुबे, जागृति सिंह, सिम्पल तिवारी एवं काजोल ओझा सहित कई शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने आपसी प्रेम, शांति, भाईचारे, सद्भावना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को देश की एकता, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button