फोटो जर्नलिस्ट मनीष मिश्रा की माता मालती देवी का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
प्रयागराज में सड़क हादसे में हुई थीं गंभीर रूप से घायल, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा था इलाज; उपचार के दौरान शनिवार रात ली अंतिम सांस


न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर नगर के वीर कुंवर सिंह कॉलोनी निवासी एवं प्रभात खबर के फोटो जर्नलिस्ट मनीष मिश्रा की माता मालती देवी (55), पत्नी विनोद कुमार मिश्रा, अधिवक्ता, का शनिवार की रात वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही बक्सर जिले के पत्रकारों, अधिवक्ताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मालती देवी अपने पति विनोद कुमार मिश्रा के साथ 26 जुलाई को तीर्थराज प्रयाग में एकादशी स्नान के लिए गई थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल, प्रयागराज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें बनारस स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था। गंभीर चोटों के कारण उनके एक हाथ को शरीर से अलग करना पड़ा तथा दोनों पैरों का ऑपरेशन किया गया।
इलाज के दौरान अचानक उनका ब्लड प्रेशर काफी नीचे गिर गया, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें आईसीयू में रखा। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद शनिवार की रात इलाज के क्रम में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पत्रकारिता जगत में शोक
मालती देवी के निधन की खबर मिलते ही जिले के पत्रकारों एवं अधिवक्ताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ मृत्युंजय सिंह, हिंदुस्तान के ब्यूरो चीफ मनोज सिंह, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ शुभ नारायण पाठक, दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ रविशंकर श्रीवास्तव, जागृति टाइम्स के ब्यूरो चीफ राज कुमार ठाकुर, आलोक कुमार (न्यूज़ विज़न), गुलशन सिंह, चंद्रकांत निराला समेत जिलेभर के पत्रकारों ने शोक व्यक्त किया। पत्रकारों ने कहा कि मालती देवी का निधन परिवार के साथ-साथ पूरे पत्रकार एवं सामाजिक समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की।
शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना
मालती देवी अपने पीछे परिवार में पति विनोद कुमार मिश्रा, पुत्र मनीष मिश्रा समेत अन्य परिजनों को छोड़ गई हैं। उनके निधन से वीर कुंवर सिंह कॉलोनी सहित जिले के पत्रकार एवं अधिवक्ता समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।





