OTHERS

पूर्व सैनिकों का एकजुटता का संदेश, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों पर बनी रणनीति

बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ सदर अनुमंडल, बक्सर की मासिक बैठक में नए सदस्यों का हुआ सम्मान, वीर नारियों के कल्याण, पेंशन, ईसीएचएस और सैनिक हितों से जुड़े मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, सदर अनुमंडल, बक्सर की मासिक बैठक मंगलवार को संघ के अध्यक्ष सूबेदार मेजर जे.पी. सिंह की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ संघ के निर्देशक नायब सूबेदार जयराम सिंह ने सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए किया। बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों की भागीदारी रही, जिससे संगठन की एकजुटता और सक्रियता का परिचय मिला।

 

बैठक के दौरान कई पूर्व सैनिकों ने संघ की सदस्यता ग्रहण की। नवसदस्यों का अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पूर्व सैनिकों के हितों की आवाज को मजबूती मिलेगी। बैठक में पिछले माह की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। समारोह को भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय ढंग से आयोजित करने के लिए सदस्यों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम की रूपरेखा, सहभागिता तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों को अपने व्यक्तिगत दस्तावेज, पेंशन संबंधी अभिलेख तथा ईसीएचएस (Ex-Servicemen Contributory Health Scheme) से जुड़े आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की सलाह दी गई। साथ ही सीएसडी कैंटीन, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय एवं पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।

 

बैठक में पेंशन, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं पर भी चर्चा हुई। संघ के पदाधिकारियों ने संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। साथ ही वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए निरंतर सहयोग देने का संकल्प दोहराया गया। बैठक के दौरान जलपान की व्यवस्था चक्की प्रखंड के अध्यक्ष नायब सूबेदार हरिकृष्ण पाल ने अपने नाती के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में कराई। संघ ने उनके इस सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके परिवार के सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। बैठक में अध्यक्ष सूबेदार मेजर जे.पी. सिंह, निर्देशक नायब सूबेदार जयराम सिंह, उपाध्यक्ष नायब सूबेदार तारा बाबू सिंह, कोषाध्यक्ष सूबेदार फूलबदन सिंह सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सैकड़ों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। बैठक का समापन राष्ट्रगान के उपरांत “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों के साथ किया गया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button