ABVP बक्सर ने महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय से शुरू किया सदस्यता अभियान 2026-27, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी पर दिया जोर
भव्य उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं की रही बड़ी भागीदारी, वक्ताओं ने कहा— ABVP केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त आंदोलन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) बक्सर नगर इकाई द्वारा सदस्यता अभियान सत्र 2026-27 का भव्य शुभारंभ मंगलवार को नगर स्थित महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय परिसर में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गेश पांडेय ने की, जबकि संचालन प्रियांशु शुभम ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठन के विस्तार, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख प्रो. डॉ. रवि प्रभात ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का सदस्यता अभियान केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण, शैक्षणिक विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि ABVP विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो विद्यार्थियों को ‘ज्ञान, शील और एकता’ के मूल मंत्र से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्रहित में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है। विभाग संयोजक अविनाश पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी परिषद प्रत्येक वर्ष सदस्यता अभियान के माध्यम से देशभर के लाखों विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को अपने वैचारिक परिवार से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों से ABVP की सदस्यता ग्रहण कर राष्ट्रहित में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
नगर मंत्री विवेक पांडेय ने कहा कि सदस्यता अभियान का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को देशहित और सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनाना है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में युवा शक्ति को संगठित कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ-साथ सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को गति देना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विराज सिंह ने कहा कि ABVP केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र के पुनर्निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला एक जीवंत छात्र आंदोलन है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं को देश के भविष्य की आधारशिला बताते हुए संगठन से जुड़कर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में ऋषि नंदन दुबे ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सक्रिय सहयोग की अपील की। इस अवसर पर राहुल कुमार, हिमांशु कश्यप, उज्जवल चौबे, निर्भय ओझा, शुभांकित पांडेय, दीपक कुमार, रोहित मिश्रा, रुद्र प्रताप सिंह, सौरभ चौबे, दिव्यांशु मिश्रा, अभिषेक गुप्ता, समित तिवारी, समीर तिवारी, आदित्य सिंह, नीतीश कुमार, कृष्णा कुमार, प्रिंस कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





