इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग को लेकर तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना जारी, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जिला संयोजक सरोज राजभर बोले— जनता की सुविधा के लिए अंतिम दम तक लड़ेंगे, श्रावण में श्रद्धालुओं, छात्रों, किसानों और व्यापारियों को हो रही भारी परेशानी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के इटाढ़ी रेलवे गुमटी को खोले जाने की मांग को लेकर शनिवार (1 अगस्त) को अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। धरना की अध्यक्षता संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने की, जबकि संचालन डॉ. अजीत कुशवाहा ने किया। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे और रेलवे गुमटी को जल्द खोलने की मांग दोहराई।
धरनारियों को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सरोज राजभर ने कहा कि रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं दिख रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे गुमटी बंद रहने से आम लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से श्रावण माह में जलाभिषेक के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गुमटी बंद होने से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं किसान, व्यापारी, महिलाएं, बुजुर्ग समेत हर वर्ग के लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन लगातार जनभावनाओं की अनदेखी कर रहा है। सरोज राजभर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इटाढ़ी रेलवे गुमटी खुलवाने तक संघर्ष मोर्चा का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही जनता के हित में गुमटी नहीं खोली गई तो आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की होगी।
धरना कार्यक्रम में मुख्य रूप से जितेंद्र कुमार, अजीत कुमार, महिला नेत्री कृष्णावती देवी, जिला सह-संयोजक दीनानाथ ठाकुर, विनोद कुशवाहा, व्यास, चंदन तेजस्वी, जगनारायण सिंह, बीरबल पासवान, राम इकबाल ठाकुर, रमाकांत चंद्रवंशी, राजकुमार, गौतम चौहान, जेपी यादव, सूर्यकांति देवी, रीमा देवी, कमलेश राव, रमन राजभर, मिथिलेश राजभर, ददन ठाकुर, मुन्ना ओझा, मनजी राजभर, लाल बाबू माली, गुड्डू शर्मा, दुलार कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने एक स्वर में रेलवे गुमटी को शीघ्र खोलने की मांग करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, आंदोलन लगातार जारी रहेगा।





