जिले के 6 उत्कृष्ट शिक्षक हुए सम्मानित, शिक्षा में नवाचार और बेहतर योगदान के लिए मिला जिला प्रशासन का सम्मान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में डीएम साहिला, एसपी शुभम आर्य और डीडीसी निहारिका छवि ने किया सम्मानित, शिक्षा जगत में खुशी की लहर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर बक्सर जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान लोगों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जिले के छह शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर उनकी सेवाओं का गौरवपूर्ण सम्मान किया गया।
जिला मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति अपनाने, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने तथा गैर-शैक्षणिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले शिक्षकों में राज +2 उच्च विद्यालय, डुमरांव के हिंदी शिक्षक विमल कुमार सिंह, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, बिझौरा के शिक्षक राजेश राय, +2 उच्च विद्यालय, कठार के कंप्यूटर शिक्षक रवि प्रकाश, उर्दू प्राथमिक विद्यालय, खीरी के प्रधान शिक्षक धनंजय मिश्रा, मध्य विद्यालय, धनहा की शिक्षिका सुगंधा कुमारी तथा मध्य विद्यालय, ब्रह्मपुर की शिक्षिका नूपुर शामिल रहीं।
इन सभी शिक्षकों को जिलाधिकारी साहिला, उप विकास आयुक्त निहारिका छवि, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य एवं एडीएम अरुण कुमार ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। ऐसे शिक्षक समाज के लिए प्रेरणा हैं और उनके कार्यों से अन्य शिक्षकों को भी नई ऊर्जा एवं प्रेरणा मिलती है। समारोह में जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी सम्मानित शिक्षकों की उपलब्धियों की सराहना की। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनन्या, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रजनीश झा, सुरेश प्रसाद, एपीओ रामभजन, डायट डुमरांव के प्राचार्य मनीष कुमार पांडेय तथा व्याख्याता नवनीत कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी, समाजसेवी एवं शिक्षा जगत से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वे आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले का नाम रोशन करेंगे। समारोह के बाद शिक्षा विभाग और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।





