बक्सर में दिल्ली के कुख्यात वाहन चोर गिरोह का सरगना गिरफ्तार, होटल में रच रहे थे बड़ी वारदात की साजिश
स्टेशन रोड स्थित होटल में पुलिस की छापेमारी, मास्टर चाबी, पेचकस, पिलास समेत वाहन चोरी के औजार बरामद, स्थानीय सहयोगी का भी नाम आया सामने


न्यूज़ विज़न। बक्सर
नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली के कुख्यात वाहन चोर गिरोह के सरगना समेत तीन अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर चाबी, पिलास, पेचकस और अन्य विशेष औजार बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
नगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्टेशन रोड स्थित अप्सरा होटल में दिल्ली का कुख्यात वाहन चोर गिरोह अपने साथियों के साथ ठहरा हुआ है। सूचना में यह भी बताया गया था कि गिरोह के सदस्य बक्सर के स्थानीय सहयोगियों के साथ मिलकर शहर में वाहन चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अप्सरा होटल में छापेमारी की। होटल के एक कमरे से पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वर्तमान में दिल्ली निवासी तथा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के टोड़ी गांव निवासी रवि चौहान, बिहार के वैशाली जिले के तेजपुरवा गांव निवासी मो. रेहान तथा वस्तीसरसिकान गांव निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाली मास्टर चाबी, पिलास, पेचकस और अन्य औजार बरामद किए। पुलिस के अनुसार ये उपकरण बिना चाबी के वाहनों का लॉक खोलने और उन्हें चोरी करने में उपयोग किए जाते हैं। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे बक्सर गोलंबर निवासी अजीत सिंह के सहयोग से जिले में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी में थे। पुलिस अब इस मामले में स्थानीय नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का सरगना रवि चौहान दिल्ली में वाहन चोरी के कई मामलों में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है और कई बार जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। नगर थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।





