OTHERS

पेपर लीक और परीक्षा अनियमितता के खिलाफ बक्सर में छात्रों-युवाओं का उग्र प्रदर्शन, दिल्ली की भूख हड़ताल के समर्थन में निकाला एकजुटता मार्च

आंबेडकर चौक से ज्योति चौक तक निकला मार्च, नुक्कड़ सभा में केंद्र सरकार पर साधा निशाना; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, आंदोलन तेज करने का ऐलान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
देशभर में पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल के समर्थन में शुक्रवार को बक्सर में इनौस (RYA) और आइसा (AISA) के बैनर तले एकजुटता मार्च निकाला गया। इस मार्च में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों छात्र-युवाओं ने भाग लेकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

 

मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए ज्योति चौक तक पहुंचा। इसके बाद मार्च नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया, जहां वक्ताओं ने लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। सभा को संबोधित करते हुए डुमरांव के पूर्व विधायक एवं इनौस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत कुशवाहा ने कहा कि देश के लाखों छात्र-युवा वर्षों की मेहनत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक और परीक्षा घोटालों से उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी भूख हड़ताल का समर्थन करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

 

उन्होंने कहा कि यदि सरकार परीक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक और तेज किया जाएगा। इस दौरान RYA के नेता राज देव, बीरन यादव, रवि मौर्य, सर्वेश पांडे, कृष्णा यादव और बबलू यादव ने भी छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही। मार्च में AISA के जिला सचिव अखिलेश ठाकुर, अजीत कुमार, कुंदन कुमार, तबरेज़, भाकपा (माले) की नेत्री संध्या पाल, ओम जी, प्रमोद जी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों छात्र-युवा और कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक की घटनाओं पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button