OTHERS

नाथ मंदिर घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, गंगा संरक्षण का लिया सामूहिक संकल्प

माँ निर्मला देवी फाउंडेशन के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने घाट और मंदिर परिसर की सफाई की, पर्यावरण संरक्षण व जनभागीदारी का दिया संदेश

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
समाज सेवा एवं जनहित के कार्यों के लिए समर्पित माँ निर्मला देवी फाउंडेशन (एम.एन.डी. फाउंडेशन), बक्सर के तत्वावधान में रविवार को “गंगा स्वच्छता एवं स्वच्छ-सुंदर घाट” जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत नाथ मंदिर घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने घाट की सीढ़ियों, मंदिर परिसर तथा आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

 

अभियान का मुख्य उद्देश्य गंगा तट एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना था। स्वयंसेवकों ने सफाई के साथ-साथ घाट पर मौजूद लोगों को यह भी समझाया कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। कार्यक्रम में माँ निर्मला देवी फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती अनुराधा कुमारी एवं सचिव डॉ. रास बिहारी शर्मा के साथ रघुनाथ शर्मा, उमेश कर्मकर, अजय कुमार यादव, सुंदरम कुमार, रविशंकर सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। घाट पर उपस्थित लोगों ने भी स्वेच्छा से सफाई अभियान में सहयोग किया और संस्था के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना की।

 

इस अवसर पर फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती अनुराधा कुमारी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवा जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर जनभागीदारी बढ़ाना और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन लाना संस्था की प्राथमिकता है। संस्था के सचिव डॉ. रास बिहारी शर्मा ने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत का आधार है। इसकी स्वच्छता और घाटों की सुंदरता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से गंगा सहित सभी सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा सामाजिक अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

समाजसेवी सुंदरम कुमार ने फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास की स्वच्छता के प्रति सजग हो जाए तो स्वच्छ और स्वस्थ समाज का सपना साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम के समापन पर सभी स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने नियमित रूप से घाटों, मंदिरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा भविष्य में भी जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाने का सामूहिक संकल्प लिया। संस्था ने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त गंगा तट का सपना साकार किया जा सकता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button