605वें रविवार भी जारी रहा गंगा स्वच्छता अभियान, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सिंह ने किया श्रमदान
रामरेखा घाट पर छात्र शक्ति के अभियान में गंगा संरक्षण का लिया संकल्प, युवाओं की निरंतर सेवा को बताया प्रेरणादायी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
“अविरल धारा, स्वच्छ किनारा – निर्मल गंगा, संकल्प हमारा” के मूल मंत्र के साथ छात्रशक्ति द्वारा संचालित गंगा स्वच्छता अभियान का 605वाँ रविवार रामरेखा घाट पर उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा बिहार के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह मुख्य श्रमदानी के रूप में शामिल हुए, जिनका अभियान संयोजक एवं भाजपा नेता सौरभ तिवारी ने अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने गंगा तट की सफाई करते हुए प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण किया और स्वच्छता के प्रति जनजागरण का संदेश दिया। इस अवसर पर मनोज कुमार सिंह ने कहा कि माँ गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक चेतना, धार्मिक आस्था और आर्थिक समृद्धि की जीवनरेखा हैं। उन्होंने कहा कि गंगा बेसिन कृषि, मत्स्य पालन, पर्यटन और व्यापार सहित करोड़ों लोगों की आजीविका का आधार है, इसलिए इसकी स्वच्छता और अविरलता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लगभग 12 वर्षों से बिना किसी अवरोध के प्रत्येक रविवार चल रहे छात्रशक्ति के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी सामाजिक आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत उसकी निरंतरता होती है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का प्रेरणादायी उदाहरण बन चुका है।
अभियान संयोजक सौरभ तिवारी ने कहा कि 2 नवंबर 2014 से लगातार चल रहा यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक समाज का प्रत्येक व्यक्ति गंगा संरक्षण के प्रति जागरूक नहीं हो जाता। इस अवसर पर मिठाई सिंह, धनंजय राय, ज्वाला सैनी, राहुल दुबे, रोहित मिश्रा, पप्पू राय, कौशल सिंह, बैजू मिश्रा, लाला बाबा, महावीर गुप्ता, अरविंद पटेल, पवन पांडेय, बरमेश्वर चौधरी, शुभम गुप्ता, संदीप सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।





