OTHERS

जनसुराज का संगठन विस्तार अभियान तेज, युवाओं को जोड़ने के लिए कई प्रखंडों में हुई बैठकें

जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा के नेतृत्व में कोरानसराय, इटाढ़ी और राजपुर में आयोजित बैठकों में बिहार बदलाव और संगठन मजबूती पर हुई चर्चा

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में जनसुराज पार्टी ने संगठन विस्तार अभियान को तेज करते हुए गुरुवार को विभिन्न प्रखंडों में बैठक आयोजित कर युवाओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी के जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने किया।

 

जानकारी के अनुसार डुमरांव प्रखंड के कोरानसराय में गर्जन पासवान एवं मनोज राम के दरवाजे पर बैठक आयोजित की गई। वहीं इटाढ़ी प्रखंड में संजय सिंह तथा राजपुर प्रखंड में अभिषेक राय के आवास पर जनसुराज कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठकों में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष बजरंगी मिश्रा ने कहा कि बिहार में बदलाव के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनसुराज पार्टी गांव-गांव जाकर लोगों को जोड़ने का कार्य कर रही है और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

 

कार्यक्रम में राजपुर के पूर्व प्रत्याशी धनंजय पासवान, युवा अध्यक्ष अजित सम्राट, महिला अध्यक्ष आशा देवी, रिंकी उपाध्याय, विष्णु दत्त तिवारी, डॉ. जयशंकर सिंह, नजीर खान, दीपक सिंह, चितरंजन, रामभोला, पिंटू खरवार, मंटू सिंह, राजा कुशवाहा और बबलू सिंह सहित बड़ी संख्या में जनसुराज कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया। जनसुराज नेताओं ने दावा किया कि आने वाले दिनों में जिले के सभी प्रखंडों में इसी तरह संगठन विस्तार अभियान चलाया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button