OTHERS

गंगा में नाव संचालन के लिए निबंधन अनिवार्य : बक्सर-चौसा में चला विशेष निबंधन शिविर

रामरेखा घाट और महादेव घाट पर जुटे नाविक

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बुधवार को जिला पदाधिकारी बक्सर के निर्देश पर अनुमंडल क्षेत्र के दो प्रमुख प्रखंड—बक्सर और चौसा—में नावों के निबंधन एवं नाविकों को अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) प्रदान करने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। बक्सर के रामरेखा घाट और चौसा के महादेव घाट पर आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नाविक पहुंचे।

 

प्रशासनिक टीम रही सक्रिय
शिविर को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। इसमें राजस्व अधिकारी (बक्सर व चौसा), नगर परिषद के नगर प्रबंधक, मोटरयान निरीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने नाविकों के आवेदन लिए और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। शिविर के दौरान बक्सर अनुमंडल क्षेत्र से कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए वही चौसा अंचल क्षेत्र से 1 आवेदन जमा हुआ। प्रशासन ने बताया कि यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी ताकि एक भी नाव बिना निबंधन के संचालित न हो।

 

फिर लगेगा शिविर – 7 मई को मौका
जो नाविक बुधवार को आवेदन नहीं कर सके, उनके लिए राहत भरी खबर है। 7 मई को पुनः सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रामरेखा घाट (बक्सर) और महादेव घाट (चौसा) पर शिविर आयोजित किया जाएगा। शेष नाविकों से आवेदन पत्र उसी दिन प्राप्त किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि:
गंगा नदी में संचालित सभी छोटी-बड़ी नावों का निबंधन अनिवार्य है
बिना निबंधन और अनुज्ञप्ति के नाव चलाना दंडनीय अपराध माना जाएगा
पकड़े जाने पर संबंधित नाविकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी

सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सख्त प्रशासन
गंगा नदी में बड़ी संख्या में नावों का परिचालन होता है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। प्रशासन की यह पहल जहां एक ओर नाविकों को वैध पहचान देगी, वहीं दूसरी ओर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत बनाएगी। सभी नाविकों से अपील की गई है कि वे समय पर निबंधन कराकर नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button