मंगरॉव में धूमधाम से मनी भगवान गौतम बुद्ध की जयंती, समरस समाज के निर्माण का दिया गया संदेश
राजपुर के मंगरॉव स्थित सम्राट अशोक बुद्ध विहार में भव्य आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने बुद्ध के विचारों को अपनाने पर दिया जोर


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत मंगरॉव स्थित सम्राट अशोक बुद्ध विहार सह शोध संस्थान परिसर में भगवान गौतम बुद्ध की जयंती बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के संस्थापक मकरध्वज सिंह विद्रोही ने की। कार्यक्रम की शुरुआत पंचशील एवं त्रिशरण पाठ के साथ हुई, जिसके माध्यम से उपस्थित लोगों ने भगवान बुद्ध को नमन किया। इसके बाद पूजा-अर्चना कर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सह विधायक संतोष कुमार निराला ने सभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के उपदेश आज भी पूरे विश्व में प्रासंगिक हैं। उनके विचारों को अपनाकर ही एक समरस और समानतामूलक समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज बुद्ध के सिद्धांतों को आत्मसात नहीं करेगा, तब तक सामाजिक समानता अधूरी रहेगी। उन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को मुख्यधारा में लाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भी अपने जीवन के अंतिम समय में बुद्ध के विचारों को अपनाकर समाज को नई दिशा दी। वहीं सरकार के कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सुधारों की सराहना की और कहा कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एक सकारात्मक पहल है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बुद्ध ने विश्व को शांति और अहिंसा का संदेश दिया। आज जब दुनिया के कई देशों में युद्ध और अशांति का माहौल है, ऐसे समय में बुद्ध के विचार और अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। कार्यक्रम के अंत में खीर दान कर भगवान बुद्ध को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर बुद्ध विहार परिसर में क्षेत्रीय लोकगीत कलाकारों एवं ग्रामीण महिलाओं द्वारा भगवान बुद्ध के जीवन पर आधारित भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और शांतिपूर्ण हो गया। इस मौके पर सम्राट अशोक क्लब के पूर्व बिहार प्रभारी दयानंद मौर्य, जदयू प्रखंड अध्यक्ष फुटुचंद सिंह, उमेश सिंह, दीनदयाल कुशवाहा, अरविंद कुशवाहा, राधेश्याम सिंह, केशनाथ राम, मुंशी प्रसाद भारती, सुनील पांडेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





