OTHERS

बरगी डैम हादसे के बाद बक्सर प्रशासन हुआ अलर्ट: रामरेखा घाट पर रहेगा सुरक्षा का सख्त पहरा

एसडीएम-एसडीपीओ ने किया निरीक्षण, नाविकों को लाइफ जैकेट अनिवार्य करने का निर्देश — लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज नाव हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे में करीब 13 लोगों की जान चली गई, जिसके बाद अब बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रविवार दोपहर रामरेखा घाट पर सदर एसडीएम अविनाश कुमार और एसडीपीओ गौरव पांडेय ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घाट पर मौजूद नाविकों, पंडा समाज और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

अधिकारियों ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हर नाव और स्टीमर पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट रखना अनिवार्य होगा। साथ ही यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनाए बिना नाव पर बैठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। एसडीएम अविनाश कुमार ने भावुक अपील करते हुए कहा कि एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। उन्होंने मौसम खराब होने या तेज हवा चलने की स्थिति में नाव संचालन तत्काल बंद करने का निर्देश दिया।

 

वहीं एसडीपीओ गौरव पांडेय ने साफ चेतावनी दी कि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि घाट पर आने वाले हर श्रद्धालु और यात्री की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक के दौरान पंडा समाज और नाविकों ने भी प्रशासन का साथ देने का भरोसा जताया। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए कई जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button