शाहाबाद प्रमंडल मुख्यालय को लेकर बढ़ी सियासत, बक्सर के समर्थन में उतरा युवा संपूर्ण क्रांति मोर्चा
रोहतास को मुख्यालय बनाने की चर्चा का विरोध, मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सौंपेंगे मांग पत्र—नहीं मानी गई बात तो बड़े आंदोलन की चेतावनी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
गुरुवार को शाहाबाद प्रमंडल के प्रस्तावित गठन को लेकर एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। युवा संपूर्ण क्रांति मोर्चा ने इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट और कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए बक्सर को ही प्रमंडल मुख्यालय बनाने की मांग दोहराई है।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अश्विनी कुमार वर्मा (अधिवक्ता) एवं सचिव मोनू यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शाहाबाद को प्रमंडल बनाने की मांग वर्षों से की जाती रही है और अब इसके पूरा होने की संभावना भी जताई जा रही है। लेकिन हाल के दिनों में यह चर्चा सामने आई है कि शाहाबाद प्रमंडल का मुख्यालय रोहतास को बनाया जा सकता है, जिसका संगठन पुरजोर विरोध करता है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यालय बक्सर के बजाय किसी अन्य जिले में बनाया जाता है, तो इससे क्षेत्रीय असंतुलन पैदा होगा और चारों जिलों के लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इसके विपरीत, यदि बक्सर को मुख्यालय बनाया जाता है, तो भौगोलिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से सभी जिलों के लोगों को बेहतर सुविधा और सुगमता मिलेगी।
अश्विनी कुमार वर्मा ने बक्सर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बक्सर भगवान श्रीराम की कर्मभूमि और शिक्षा की महत्वपूर्ण स्थली रहा है। ऐसे में इसे प्रमंडल मुख्यालय बनाए जाने का मजबूत आधार भी है। मोर्चा ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मांग को लेकर केवल उनका संगठन ही नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठन भी लंबे समय से आवाज उठाते आ रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार द्वारा बक्सर को मुख्यालय नहीं बनाया गया, तो जिले में व्यापक जनआंदोलन छेड़ा जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। इसी क्रम में मोर्चा ने आगामी शनिवार को एक अहम कदम उठाने की घोषणा की है। अश्विनी कुमार वर्मा ने बताया कि संगठन का एक शिष्टमंडल बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करेगा और उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेगा। मोर्चा को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री इस मुद्दे की गंभीरता को समझते हुए जनभावनाओं का सम्मान करेंगे और शाहाबाद प्रमंडल का मुख्यालय बक्सर घोषित करने की दिशा में सकारात्मक निर्णय लेंगे।





