RPF ने यात्री बनकर चोरी करने वाला शातिर चोर को किया गिरफ्तार, दो महंगे मोबाइल बरामद
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत देर रात प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध हालत में पकड़ा गया आरोपी, पूछताछ में ट्रेन से चोरी की बात कबूली


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को एक अहम सफलता हाथ लगी है। बुधवार की रात निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के दिशा-निर्देशन में टीम ने प्लेटफार्म संख्या 2/3 पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर चोरी की घटना का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार, सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय, आरक्षी दीपक कुमार एवं आरक्षी करण सिंह द्वारा स्टेशन परिसर में रात्रि गश्त के दौरान आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। जब RPF टीम उसकी ओर बढ़ी तो वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन तत्परता दिखाते हुए जवानों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम माझिल शाह, पिता मोहन शाह, निवासी केशोपुर थाना सिमरी, जिला बक्सर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो महंगे स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि ये मोबाइल फोन उसने उसी रात ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से चोरी किए थे।
RPF ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद सामान के साथ आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बक्सर को सौंप दिया है। गौरतलब है कि निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिसके तहत स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। RPF की इस कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।





