दरवाजा खोलते ही किशोरी को मारी गोली, अरियांव गांव में सनसनीखेज हत्या से दहशत
घर के अंदर सो रहे थे परिजन, अज्ञात हमलावर ने दरवाजा खटखटाकर दिया वारदात को अंजाम; 15 वर्षीय श्वेता की मौके पर मौत, जांच में जुटी पुलिस


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत अरियांव गांव में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात अपराधी ने घर का दरवाजा खुलवाकर एक किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मृतका की पहचान 15 वर्षीय श्वेता कुमारी, पिता बबलू उपाध्याय के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान किसी ने घर का दरवाजा खटखटाया। आवाज सुनकर श्वेता जैसे ही दरवाजा खोलने पहुंची, पहले से घात लगाए हमलावर ने उस पर गोली चला दी। गोली चलने के बाद श्वेता ने खुद को बचाने के लिए घर के अंदर भागने की कोशिश की, लेकिन तब तक गोली उसकी पीठ में जा लगी। गंभीर रूप से घायल किशोरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गोली की आवाज सुनकर परिजन तुरंत दरवाजे की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार, कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधी की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इधर, इस निर्मम हत्या को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी संभावित कारणों और संदिग्धों की जांच में जुटी हुई है।





