अज्ञात वाहन की टक्कर से 30 वर्षीय युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा-मोहनिया मार्ग पर निकरिस गांव के पास हादसा, मजदूरी कर परिवार चलाने वाले विजय राजभर की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा निकरिस गांव के समीप उस समय हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान निकरिस गांव निवासी विजय राजभर के रूप में हुई है, जो रामाशंकर राजभर के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि विजय राजभर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। राहगीरों ने जब विजय को सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा, तो तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी।
परिजनों द्वारा आनन-फानन में विजय को बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण अस्पताल पहुंचने के लगभग 20 मिनट के भीतर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी निवास कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस घटना पर समाजसेवी नवीन राय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा देने की मांग करते हुए प्रशासन से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है। थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है। जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।





