नगर परिषद ने रामरेखा घाट से वीर कुंवर सिंह चौक तक हटवाया अवैध कब्जा
अतिक्रमण हटाने के दौरान तीन दुकानदारों पर ठोंका एक-एक हजार रुपए का जुर्माना


न्यूज विजन। बक्सर
नगर परिषद प्रशासन ने शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने को लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मियों की टीम हारी पुलिस बल और जेसीबी व ट्रैक्टर के साथ रामरेखा घाट पहुंची। उन्हें देख फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदार और अवैध कब्जेधारियों के बीच हड़कंप मच गया।
रामरेखा घाट पर दुकान लगाने वाले कुछ दुकानदारों ने खुद से सामान समेटने लगे। वहीं कुछ दुकानदारों का दुकान नप के अधिकारियों ने हटवाया। रामरेखा घाट से निकलने के बाद एमपी हाई स्कूल के चहारदीवारी के पास रखें गये गुमटियों को हटाया गया। इस तरह से अभियान के पहले दिन रामरेखा घाट से लेकर वीर कुंवर सिंह चौक तक फुटपाथ से अवैध कब्जा को हटाया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मौके पर मौजूद नगर परिषद के सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि दोबारा फुटपाथ पर दुकान लगाया तो भारी जुर्माना लगाने के साथ सामान भी जब्त कर लिया जाएगा। वहीं स्थाई दुकानदारों को दायरे के अंदर दुकान लगाने और शेड निकालने की चेतावनी दी। नगर परिषद की ओर से चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत तीन दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन दुकानदारों पर एक-एक हजार रुपए का आर्थिक दंड लगाया गया।
नगर परिषद के सफाई निरीक्षक आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि शहर में फुटपाथ पर दुकानदारों के कब्जे से हमेशा जाम की समस्या उत्पन्न हो जा रही है। बुधवार को शहर में रोड या ताड़कानाल से मुनीम चौक तक सख्ती के साथ अवैध कब्जा को हटवाया जाएगा। मौके पर नगर परिषद के नरसिंह चौबे, मो वाहिद अहमद, विजय चौरसिया समेत अन्य कर्मचारियों के अलावा काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।





