कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जासो में एलुमनी मीट व स्वागत समारोह, छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने का मिला संदेश
उप विकास आयुक्त निहारिका छवि रहीं मुख्य अतिथि, पूर्व छात्राओं ने साझा किए अनुभव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को बक्सर जिले के जासो स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में एलुमनी मीट सह नव नामांकित छात्राओं के स्वागत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत के साथ हुई। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा। अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त ने नव नामांकित छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो जीवन को नई दिशा देता है और छात्राओं को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने पूर्व छात्राओं (एलुमनी) से भी अपील की कि वे विद्यालय से जुड़े रहें और अपने अनुभवों के माध्यम से वर्तमान छात्राओं का मार्गदर्शन करें। उनके अनुसार, एलुमनी का सहयोग विद्यालय के विकास और छात्राओं के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उप विकास आयुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के सशक्तिकरण में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने छात्राओं को उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने और जीवन में सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान एलुमनी छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए वर्तमान छात्राओं को प्रेरित किया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। छात्राओं ने नृत्य, गीत एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम उत्साह, प्रेरणा और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।





