विश्व होम्योपैथिक दिवस पर डॉ. अनुपम होमियोपैथ में भव्य आयोजन, हैनीमैन जयंती पर चिकित्सा जागरूकता का संदेश
विशेष कार्यक्रम में समाजसेवियों और चिकित्सकों ने होम्योपैथी के सिद्धांत, लाभ और भविष्य की संभावनाओं पर रखे विचार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
विश्व होम्योपैथिक दिवस के अवसर पर शहर के बाजार रोड स्थित डॉ. अनुपम होमियोपैथ क्लिनिक में एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनीमैन की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया, जिसमें चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों के साथ-साथ समाजसेवियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. हैनीमैन के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि समाजसेवी सह युवा नेता रामजी सिंह उपस्थित रहे, जिन्होंने होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति की सराहना करते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन ग्लोरियस इंग्लिश स्टडी सेंटर के रामबिहारी सर ने कुशलतापूर्वक किया। इस दौरान क्लिनिक के संचालक डॉ. अनुपम (एमडी होमियोपैथ) ने होम्योपैथिक चिकित्सा के लाभों, इसके सिद्धांतों तथा आधुनिक समय में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि होम्योपैथी एक सुरक्षित, प्रभावी और साइड इफेक्ट रहित चिकित्सा पद्धति है, जो रोग के मूल कारण पर काम करती है।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद संतोष सिंह, पार्षद संतोष उपाध्याय, दिनेश सर, डॉ. रामजी सिंह एवं डॉ. भास्कर, बिनोद कुमार, महेश कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने होम्योपैथी के महत्व, इसकी बढ़ती स्वीकार्यता और भविष्य में इसकी संभावनाओं पर चर्चा करते हुए इसे आमजन के लिए उपयोगी चिकित्सा पद्धति बताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जहां सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
वीडियो देखें :





