सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराना पड़ा भारी: वायरल फोटो के बाद युवक गिरफ्तार, हथियार बरामद
तकनीकी जांच से हुई पहचान, छोटकी सारिमपुर से पकड़ा गया अभिमन्यु यादव; पिस्टल, 5 कारतूस और मैगजीन बरामद


न्यूज विज़न। बक्सर
सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते हुए तस्वीर वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छोटकी सारिमपुर से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान सारिमपुर निवासी अभिमन्यु यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर एक युवक की पिस्टल के साथ फोटो तेजी से वायरल हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए युवक की पहचान की। पहचान के बाद गिरफ्तारी के लिए गश्ती दल को भेजा गया। पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पूछताछ के दौरान अभिमन्यु यादव ने स्वीकार किया कि वायरल तस्वीर उसी की है। पुलिस ने जब उसके मोबाइल की जांच की, तो उसमें वही तस्वीर भी मिल गई। हथियार के संबंध में पूछने पर उसने बताया कि पिस्टल और कारतूस उसे उसके दोस्त सिंकू राय ने दिए थे। पुलिस अब सिंकू राय की तलाश में जुट गई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





