फर्जी रसीद के सहारे ट्रकों से अवैध वसूली करने वाला गिरोह बेनकाब, तीन गिरफ्तार
यादव मोड़ पर छापेमारी के बाद खुलासा, 28,900 रुपये नगद व पांच गड्डी फर्जी रसीद बरामद; यूपी के वन अधिकारी की मुहर का हो रहा था दुरुपयोग


न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में फर्जी रसीद के माध्यम से ट्रक चालकों से अवैध वसूली करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से नगद राशि और बड़ी संख्या में फर्जी रसीदें बरामद की हैं।
मुफ्फसिल थाना पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि यादव मोड़ के आसपास कुछ लोग कोयला लदे ट्रकों को रोककर अवैध वसूली कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की, जहां से रामबचन सिंह को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान रामबचन सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए दानी कुटिया स्थित पेट्रोल पंप के पास से श्यामबिहारी सिंह तथा अखौरीपुर गोला के आगे पंजाबी ढाबा के पास से सैयद शाहनवाज को भी गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान तीनों आरोपियों के पास से कुल 28 हजार 900 रुपये नगद और पांच गड्डी फर्जी रसीद बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि इन रसीदों पर उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना क्षेत्रीय वन अधिकारी के हस्ताक्षर और मुहर अंकित थे, जिनका इस्तेमाल ट्रक चालकों को भ्रमित करने के लिए किया जाता था।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी फर्जी दस्तावेज दिखाकर ट्रकों को रोकते थे और जबरन पैसे वसूलते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यूपी के गहमर थाना क्षेत्र के मगरखाई निवासी रामबचन सिंह, बारा निवासी सैयद शाहनवाज तथा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सौंवाबांध निवासी श्यामबिहारी सिंह के रूप में की गई है।
अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न स्थानों पर ट्रकों को निशाना बनाकर अवैध वसूली करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।





