चौसा की बेटी सिमरन का नगर पंचायत द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित
बिहार में 9वां स्थान हासिल कर चौसा नगर पंचायत का बढ़ाया मान, 482 अंक लाकर मैट्रिक परीक्षा में चमकी सिमरन कुमारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
चौसा नगर पंचायत अंतर्गत गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में वार्ड संख्या–7 की निवासी सिमरन कुमारी (पिता – सोनू मालाकार) को मैट्रिक परीक्षा में 482 अंक प्राप्त कर पूरे बिहार में 9वां स्थान हासिल करने के उपलक्ष्य में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल देखा गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन चौसा नगर पंचायत की मुख्य पार्षद श्रीमती किरण देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सिमरन कुमारी की यह सफलता पूरे चौसा नगर पंचायत के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सिमरन की मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर पंचायत क्षेत्र के प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने भी सिमरन की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे बक्सर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने उपस्थित छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी।
सम्मान समारोह में सिमरन कुमारी को फूल-मालाओं, प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगे भी इसी तरह सफलता की ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर प्रधानाध्यापक मिथिलेश कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हृषिकेश कुमार, अधिवक्ता राम लखन पाल, बहुजन समाज पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, दीपक कुमार, ईश्वर चन्द्र सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, अभिभावक और छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और सम्मान से भरा नजर आया।





