OTHERS

एमवी कॉलेज में दर्शनशास्त्र क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन, छात्रों में दिखा जबरदस्त उत्साह

ज्ञानवर्धन के साथ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने की पहल, 50 प्रश्नों के सेट पर आधारित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बुधवार को महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के दर्शनशास्त्र विभाग द्वारा स्नातक स्तर के छात्र-छात्राओं के बीच एक रोचक एवं ज्ञानवर्धक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता दोपहर 12:00 बजे से 1:00 बजे के बीच कक्ष संख्या 3 में आयोजित की गई, जिसमें दर्शनशास्त्र विभाग के साथ-साथ अन्य विषयों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

प्रतियोगिता पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। इस आयोजन में विभागाध्यक्ष डॉ. रास बिहारी शर्मा के नेतृत्व में डॉ. अवनीश कुमार पांडे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार चौधरी एवं डॉ. अर्चना कुमारी का भी सराहनीय सहयोग रहा। विभागाध्यक्ष डॉ. रास बिहारी शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 50 प्रश्नों का सेट दिया गया था और उत्तर देने के लिए अलग से आंसर शीट उपलब्ध कराई गई थी। प्रतिभागियों को प्रश्न पत्र अपने पास रखने की अनुमति दी गई, जबकि केवल उत्तर-पुस्तिका जमा करानी थी। इस पहल का उद्देश्य यह था कि छात्र घर जाकर स्वयं मूल्यांकन कर सकें और अपने ज्ञान में वृद्धि कर सकें।

 

डॉ. अवनीश कुमार पांडे ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी विकसित करती हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस क्विज प्रतियोगिता को और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों के नैतिक, सामाजिक, चारित्रिक, आध्यात्मिक एवं बौद्धिक विकास को नई दिशा मिलेगी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. के. सिंह की दूरदर्शी सोच एवं दृढ़ संकल्प के कारण ही यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों में खासा उत्साह और सीखने की ललक देखने को मिली।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button