चैती छठ: खरीदारों से गुलजार रहा फलों का बाजार
शहर के मुनीम चौक, पीपी रोड, रामरेखा घाट रोड के फुटपाथ पर सजी थी फल हरी, पूजा सामग्री व सूप-दउरा की दुकानें


न्यूज विजन। बक्सर
लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व चैती छठ को लेकर बुधवार को बाजार में गजब की चहल-पहल दिखी। शहर के रामरेखा घाट, मुनिम चौक, मेन रोड समेत अन्य बाजारों में खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ रही। सेब, अनानास, केला, गाजर, संतरा, अनार, ईख, नारियल आदि फलों की दुकानें सजी थी। दुकानों पर व्रती महिलाएं और उनके परिजनों ने फलों की जमकर खरीदारी की।
चैती छठ को लेकर फलों का बाजार गुलजार रहा। अन्य दिनों के मुकाबले फलों का भाव तेज रहा। केला पचास से साठ रुपए दर्जन, अनानास सत्तर रुपए फीस, संतरा सौ रुपए किलो, ईख सौ रुपए जोड़ा, शरीफा पैंतीस से चालीस रुपए पीस, सेब एक सौ पचास से दो सौ रुपए किलो, सूप एक सौ साठ रुपए जोड़ा, दउरा एक सौ पचास से दो सौ रुपए पीस, नारियल अस्सी रुपए जोड़ा, अनार सौ रुपए किलो का भाव रहा।
चैती छठ में नवमी के पहले कराह नहीं चढ़ाने की परंपरा है। ऐसे में अधिकांश व्रतियों का दऊरा और सूप फलों से सजता है। बता दें कि मंगलवार को पहला और बुधवार को दूसरा अर्ध्य है। बाजार में फलों का भाव अन्य दिनों के अपेक्षा चढ़ा हुआ था। चैत नवरात्र और छठ पूजा को लेकर फलों की बिक्री अधिक है और उसके अनुरूप आवक कम है। ऐसे में फलों का भाव आसमान छू रहा था।शहर के रामरेखा घाट रोड व सिविल लाइंस स्थित महात्मा गांधी बड़ा बाजार में दऊरा और सूप की दुकानों पर लोगों ने खरीदारी की।





