OTHERS

बक्सर में पहली बार ‘करियर मेला 2026’ का भव्य आयोजन, 5000 से अधिक छात्रों को मिलेगा मार्गदर्शन का सुनहरा अवसर

28-29 मार्च को नगर भवन में जुटेंगे देशभर के कॉलेज-विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, निशुल्क परामर्श, साइकिल मैराथन व मेधावी छात्रों का सम्मान भी होगा

न्यूज़ विजन | बक्सर
जिले के छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के लिए पहली बार ऐसा सुनहरा अवसर आने जा रहा है, जब वे एक ही मंच पर देश के विभिन्न शीर्षस्थ कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों, प्रतिनिधियों एवं करियर काउंसलरों से सीधे संवाद कर सकेंगे। NRS फाउंडेशन एवं विभिन्न राज्यों से आए शिक्षण संस्थानों के संयुक्त प्रयास से 28 एवं 29 मार्च को नगर भवन, बक्सर में ‘करियर मेला 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।इस दो दिवसीय मेले में मैट्रिक, इंटरमीडिएट और स्नातक के छात्र-छात्राएं निशुल्क भाग लेकर अपने करियर को लेकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। आयोजकों के अनुसार, इस मेले में करीब 5000 से अधिक छात्रों के अपने अभिभावकों के साथ शामिल होने की उम्मीद है।

 

उच्च शिक्षा और रोजगार के प्रति जागरूकता मुख्य उद्देश्य
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए फाउंडेशन के सचिव राकेश रंजन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि देशभर से आए विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि छात्रों को विभिन्न कोर्स, करियर विकल्प और रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।

 

साइकिल मैराथन से फैलेगा शिक्षा का संदेश
मेले के पहले दिन यानी 28 मार्च की सुबह 6:30 बजे नगर भवन से साइकिल मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह मैराथन लगभग 35 मिनट की होगी और प्रतिभागी समय सीमा के अंदर नगर भवन लौटेंगे, इसका उद्देश्य उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस प्रतियोगिता के तीन विजेताओं को 29 मार्च की दोपहर सम्मानित किया जाएगा।

मेधावी छात्रों का होगा सम्मान
मेले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा। 10वीं, 12वीं एवं स्नातक में 80% या उससे अधिक अंक लाने वाले या किसी विषय में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले ऐसे प्रथम 30 मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष सम्मान दिया जाएगा।

NAAC ‘A’ ग्रेड संस्थानों की भागीदारी
करियर मेले में शामिल होने वाले अधिकांश शिक्षण संस्थान: NAAC ‘A’ ग्रेड प्राप्त हैं और सरकारी विश्वविद्यालयों से संबद्ध हैं, तथा सभी कोर्स AICTE एवं भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय से मान्यता प्राप्त है। छात्र यहां अपने पसंद के कोर्स और ब्रांच का चयन कर सकते हैं, साथ ही पढ़ाई और रोजगार से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।

स्कॉलरशिप और विशेष छूट का लाभ
मेले में शामिल संस्थानों द्वारा छात्रों को विभिन्न प्रकार की छूट एवं योजनाएं भी दी जाएंगी। रजिस्ट्रेशन के समय छात्रों को ₹5000 से ₹10,000 तक की स्कॉलरशिप का लाभ मिलने की भी जानकारी दी जाएगी।

बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना का प्रभाव
राकेश रंजन ने बताया कि बिहार सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के कारण छात्रों में उच्च शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ी है। 12वीं एवं स्नातक पास छात्रों को 4 लाख तक का लोन ब्याज का वहन सरकार द्वारा लाखों छात्र इस योजना से लाभान्वित होकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इस योजना का सकारात्मक प्रभाव यह है कि अब ग्रामीण क्षेत्रों तक के छात्र-छात्राएं भी उच्च शिक्षा और तकनीकी डिग्री हासिल कर रहे हैं, जिससे आत्मनिर्भरता और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं।

 

बक्सर के छात्रों के लिए बड़ा अवसर
रंजन ने कहा कि बक्सर, जो गुरु विश्वामित्र की नगरी के रूप में जाना जाता है, यहां के छात्रों में प्रतिभा और अनुशासन की कमी नहीं है, लेकिन सही मार्गदर्शन के अभाव में वे पीछे रह जाते हैं। ऐसे में यह करियर मेला छात्रों को सही दिशा, सही कोर्स और बेहतर भविष्य चुनने का मंच प्रदान करेगा।

 

आयोजकों की अपील
करियर मेला 2026 में शामिल सभी संस्थानों एवं आयोजकों ने बक्सर वासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 28 और 29 मार्च को नगर भवन पहुंचे और इस अवसर का लाभ उठाकर अपने भविष्य को नई दिशा दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button