ACCIDENT

बसहीं पुल के पास भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

कोचस जा रहे पिपराढ़ गांव के युवकों की बाइक से दूसरी बाइक की भिड़ंत, राजपुर सीएचसी में डॉक्टरों ने लक्ष्मण पासवान को किया मृत घोषित, घायलों का सदर अस्पताल में इलाज

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा बक्सर-कोचस मुख्य मार्ग पर बसहीं पुल के समीप हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार को अपराह्न करीब पांच बजे राजपुर थाना क्षेत्र के बसही गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार में आ रही दो बाइकों के बीच सीधी भिड़ंत हो गई, जिससे चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार मृत युवक की पहचान लक्ष्मण पासवान (25 वर्ष), पिता शिवजी पासवान, निवासी पिपराढ़ गांव, थाना राजपुर के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मण पासवान अपने गांव के दो अन्य युवकों के साथ बाइक पर सवार होकर कोचस की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को उठाकर इलाज के लिए राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद लक्ष्मण पासवान को मृत घोषित कर दिया।

घटना में घायल अन्य युवकों में रवि यादव (28 वर्ष), पिता भोला सिंह, बबलू कुमार (30 वर्ष), पिता जिउत भर, दोनों निवासी पिपराढ़ थाना राजपुर तथा तीसरे युवक राजेश चौधरी (29 वर्ष) शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेज दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है।

राजपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे की खबर मिलते ही पिपराढ़ गांव में मातम का माहौल छा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button