बक्सर में अद्भुत सर्जरी : डॉ. रश्मि रानी ने 40 सेंटीमीटर के विशाल ओवेरियन सिस्ट को हटाकर गर्भवती महिला और नवजात की बचाई जान
कई डॉक्टरों ने केस को बताया था जटिल और किया था हायर सेंटर रेफर, रश्मि मैटरनिटी क्लीनिक में डेढ़ घंटे की सफल सर्जरी के बाद सुरक्षित हुआ बच्चे का जन्म, परिजनों ने कहा– “डॉ. रश्मि हमारे लिए भगवान से कम नहीं”


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर शहर के ज्योति प्रकाश चौक स्थित रश्मि मैटरनिटी क्लीनिक की मुख्य चिकित्सक डॉ. रश्मि रानी ने एक बेहद जटिल और दुर्लभ सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर गर्भवती महिला और उसके नवजात शिशु को नया जीवनदान दिया है। इस सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के परिजन और स्थानीय लोग डॉ. रश्मि रानी की जमकर सराहना कर रहे हैं और उन्हें ढेरों आशीर्वाद दे रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के राजपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत तियरा गांव निवासी 25 वर्षीय रूनी देवी गर्भावस्था के दौरान पेट में असामान्य रूप से अत्यधिक सूजन और तेज दर्द की समस्या से जूझ रही थीं। परिजनों ने बक्सर जिले के कई डॉक्टरों से परामर्श लिया, लेकिन मामला जटिल होने के कारण कई चिकित्सकों ने ऑपरेशन करने से मना कर दिया और मरीज को हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी। आखिरकार परिजन रूनी देवी को लेकर बक्सर के ज्योति प्रकाश चौक स्थित रश्मि मैटरनिटी क्लीनिक पहुंचे, जहां मुख्य चिकित्सक डॉ. रश्मि रानी ने मरीज की स्थिति को गंभीरता से लिया। उन्होंने अपनी मेडिकल टीम के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया और परिजनों को साफ तौर पर बताया कि ऑपरेशन काफी जोखिम भरा है, लेकिन पूरी कोशिश की जाएगी।
जांच के दौरान पता चला कि महिला के अंडाशय में लगभग 40 × 30 × 25 सेंटीमीटर का विशाल ओवेरियन सिस्ट विकसित हो गया है, जो गर्भावस्था के दौरान बेहद दुर्लभ और खतरनाक स्थिति मानी जाती है। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी के दौरान सबसे पहले सिजेरियन ऑपरेशन के माध्यम से सुरक्षित तरीके से एक स्वस्थ बच्चे का जन्म कराया गया। इसके बाद अत्यंत सावधानी और तकनीकी दक्षता के साथ महिला के पेट से करीब 40 सेंटीमीटर का विशाल ओवेरियन सिस्ट सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार गर्भावस्था के दौरान इतने बड़े आकार का ओवेरियन सिस्ट मिलना बेहद दुर्लभ होता है और इस तरह की सर्जरी तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण होती है। फिलहाल मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
इस संबंध में डॉ. रश्मि रानी ने बताया कि मरीज काफी जटिल स्थिति में उनके क्लिनिक पहुंची थी। सिस्ट का आकार बहुत बड़ा था और गर्भावस्था के कारण जोखिम भी अधिक था। पूरी टीम ने सावधानीपूर्वक और समन्वय के साथ ऑपरेशन किया, जिसका परिणाम सुखद रहा। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि मां और बच्चा दोनों सुरक्षित और स्वस्थ हैं। वहीं सफल ऑपरेशन के बाद मरीज के परिजनों ने डॉ. रश्मि रानी और उनकी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कई जगहों से निराश होने के बाद यहां उम्मीद की किरण मिली। परिजनों ने भावुक होकर कहा कि “डॉ. रश्मि रानी हमारे लिए भगवान से कम नहीं हैं, उन्होंने हमारी बेटी और उसके बच्चे दोनों की जान बचा ली।” इस सफल सर्जरी के बाद शहर में डॉ. रश्मि रानी और उनकी टीम की चिकित्सा दक्षता और समर्पण की खूब चर्चा हो रही है।
वीडियो देखें :





