महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन, छात्रों ने दिखाई बौद्धिक प्रतिभा
स्नातकोत्तर इतिहास विभाग की पहल, विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ लिया भाग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के तत्वावधान में शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए पूर्व निर्धारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार, 16 मार्च को महाविद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों एवं सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस क्विज प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, बौद्धिक क्षमता तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना को विकसित करना था। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और लगन के साथ भाग लिया, जिससे परिसर में ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक वातावरण देखने को मिला। क्विज प्रतियोगिता वीक्षकों की निगरानी में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गई। वीक्षक के रूप में डॉ. अर्चना मिश्रा, डॉ. जयप्रकाश मिश्रा, डॉ. प्रीति मौर्या, डॉ. प्रियरंजन चौबे, डॉ. इसरार आलम तथा डॉ. आलोक कुमार चतुर्वेदी उपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान अनुशासन एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे प्रतियोगिता निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कृष्णाकांत सिंह ने निरीक्षण के दौरान कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा। साथ ही प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं की अच्छी उपस्थिति को महाविद्यालय के शैक्षणिक उन्नयन की दिशा में बढ़ते कदम का परिचायक बताया।वहीं कार्यक्रम के आयोजक स्नातकोत्तर इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि क्विज प्रतियोगिता छात्रों के ज्ञान को परखने और उसे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। इससे विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ती है और वे नए विषयों को सीखने के लिए प्रेरित होते हैं।
सहायक प्राध्यापक डॉ. नवीन शंकर पाठक ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को बौद्धिक रूप से समृद्ध करने के साथ-साथ उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी प्रेरित करते हैं। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी इस कार्यक्रम की सफलता को दर्शाती है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय परिवार ने स्नातकोत्तर इतिहास विभाग की सराहना की तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





