CRIME

संदेहास्पद स्थिति में महिला को लगी गोली, गंभीर हालत में आरा के निजी अस्पताल में भर्ती

ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के कांट गांव की घटना; दो साल पहले हुई थी शादी, सीने में लगी गोली – पुलिस बयान लेने पहुंची आरा

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांट गांव में शुक्रवार की शाम एक महिला को संदेहास्पद परिस्थितियों में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली लगने के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए आरा के एक निजी नर्सिंग होम में लेकर चले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल महिला को गोली कैसे और किन परिस्थितियों में लगी, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार कांट गांव निवासी प्रवीण सिंह की पत्नी 25 वर्षीय आंचल देवी को अचानक गोली लग गई। गोली उनके सीने में लगी है, जिससे उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि आंचल देवी की शादी करीब दो साल पहले प्रवीण सिंह के साथ हुई थी।

घटना के बाद परिजन घायल महिला को तुरंत आरा लेकर चले गए। इधर घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि उस समय घर पर महिला के वृद्ध सास-ससुर ही मौजूद थे। पुलिस के पूछताछ करने पर वे स्पष्ट रूप से यह नहीं बता सके कि उनकी पुत्रवधू को किस परिस्थिति में गोली लगी।

इस बीच गांव में महिला को गोली लगने की खबर शाम होते-होते आग की तरह फैल गई। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच-पड़ताल कर रही है।

ब्रह्मपुर थाना के थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार ने बताया कि घायल महिला का इलाज आरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस टीम महिला का फर्दबयान लेने के लिए आरा रवाना हो गई है। उन्होंने कहा कि घायल महिला के बयान के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button