युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, कमरे का दरवाजा तोड़ने पर परिजनों के उड़े होश
औद्योगिक थाना क्षेत्र के दहिवर गांव की घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; पारिवारिक कलह की आशंका, जांच में जुटी पुलिस


न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत दहिवर गांव में शुक्रवार को एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार दहिवर गांव निवासी मुन्ना पासवान की 21 वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी शुक्रवार की दोपहर अपने कमरे में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली और दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिवार के लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया।
दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देख परिजनों के होश उड़ गए। कमरे के पंखे से दुपट्टे के सहारे प्रिया कुमारी का शव लटका हुआ था। यह देख परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना औद्योगिक थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों से भी पूछताछ की है।
इस संबंध में औद्योगिक थानाध्यक्ष सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले की गहन जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना से गांव में शोक का माहौल है और लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।





