बक्सर–इटाढ़ी मार्ग पर मौत का तांडव: दो भीषण हादसों में तीन युवकों की दर्दनाक मौत
मुफस्सिल थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने तीन परिवारों के चिराग बुझा दिए, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा


न्यूज विज़न। बक्सर
जिला अंतर्गत बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बक्सर–इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर मंगलवार की रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पहली घटना: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
पहली दुर्घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लालगंज स्थित वास्तु बिहार के पास हुई। जानकारी के अनुसार धनसोई थाना क्षेत्र के सिसौंधा निवासी विश्वनाथ यादव के 33 वर्षीय पुत्र उपेंद्र यादव बाइक से बक्सर की ओर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा सुनसान जगह पर होने और रात का समय होने के कारण घायल उपेंद्र यादव काफी देर तक सड़क किनारे तड़पते रहे। गश्ती पर निकली पुलिस की नजर जब उन पर पड़ी तो तत्काल उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दूसरी घटना: पीसी कॉलेज के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर
दूसरी घटना इसी मार्ग पर स्थित पी सी कॉलेज बक्सर के समीप हुई, जहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि इटाढ़ी थाना क्षेत्र के हरपुर निवासी अरविंद चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार बाइक से बक्सर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे लालगंज निवासी राजनरायन सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार की तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
चौकी प्रभारी गुड्डू चौधरी ने बताया कि दोनों अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल तीन युवकों की मौत हुई है। तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। इन दो दर्दनाक हादसों ने एक ही रात में तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बक्सर–इटाढ़ी मार्ग पर रात्रि गश्ती बढ़ाने और तेज रफ्तार पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।





