ACCIDENT

बैरी गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा : साइकिल सवार को बचाने में ट्रैक्टर पलटा, दो की मौत

अचानक सामने आई साइकिल, अनियंत्रित ट्रैक्टर चाट में पलटा; सदर अस्पताल में दोनों को मृत घोषित

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के बक्सर–धनसोई मुख्य सड़क पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। बैरी गांव के समीप साइकिल सवार को बचाने के क्रम में कचरा लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में साइकिल सवार और ट्रैक्टर चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के कठजा गांव निवासी योगेंद्र कुमार का पुत्र धर्मेंद्र कुमार नगर परिषद में कचरा ढोने वाले ट्रैक्टर को चलाता था। सोमवार को वह ट्रैक्टर लेकर इटाढ़ी की ओर जा रहा था। इसी दौरान इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव निवासी विमल शर्मा के पुत्र दयाशंकर शर्मा साइकिल से जा रहे थे। बैरी गांव के समीप अचानक साइकिल ट्रैक्टर के सामने आ गई। साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक संतुलन खो बैठा और वाहन साइकिल को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे चाट में पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना राहगीरों ने तुरंत इटाढ़ी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

 

हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपनों को खोने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से थे, जिससे उनके घरों में शोक के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी गहरा गई है। इटाढ़ी थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button