प्रो० एस० के० मिश्रा की 82 वीं जयंती पर दो दिवसीय कार्यक्रम का हुआ भव्य समापन समारोह, समाहरणालय रोड का नाम उनके नाम पर करने का ऐलान
दो दिवसीय कार्यक्रम में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, जिला कैरम प्रतियोगिता, पौधरोपण और पूर्व सैनिकों का सम्मान; पूर्व IPS व विधायक आनंद मिश्रा ने किया नामकरण का वादा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
प्रसिद्ध गणितज्ञ प्रो० एस० के० मिश्रा की 82वीं जयंती के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का रविवार को कलेक्ट्रेट रोड स्थित मातृ-छाया परिसर में भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम का आयोजन प्रो० एस० के० मिश्रा फाउंडेशन के तत्वावधान में किया गया, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कई आयोजन किए गए।
कार्यक्रम के प्रथम दिन 14 फरवरी को मेदांता के सहयोग से प्रणव चटर्जी महाविद्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। शिविर की अध्यक्षता प्रो० महेश दत्त सिंह, प्राचार्य प्रणव चटर्जी महाविद्यालय बक्सर ने की। मुख्य अतिथि आईपीएस शैशव यादव उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि प्रो० कृष्णकांत सिंह, प्राचार्य एम० वी० महाविद्यालय बक्सर ने प्रो० एस० के० मिश्रा स्मृति जिला कैरम प्रतियोगिता का उद्घाटन किया तथा उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। मुख्य अतिथि शैशव यादव (IPS) ने प्रो० मिश्रा की स्मृति में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मेदांता की ओर से मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ० श्रेयांश द्विवेदी के नेतृत्व में दस सदस्यीय चिकित्सक दल ने लगभग 138 शहरी एवं ग्रामीण मरीजों की जांच की। शिविर में सीपीआर प्रशिक्षण एवं मानसिक स्वास्थ्य जांच भी की गई।
रविवार को आयोजित जयंती समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व आईपीएस एवं बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने प्रो० एस० के० मिश्रा के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने समाहरणालय रोड, बक्सर का नाम बदलकर “प्रो० एस० के० मिश्रा रोड” करने का वचन दिया। सभा की अध्यक्षता फाउंडेशन के सचिव डॉ० सुरेंद्र कुमार सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि मेजर डॉ० पी० के० पाण्डे ने श्रीफल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में डॉ० भरत प्रसाद, डॉ० निर्मल कुमार सिंह और शंभुलाल सहित कई वक्ताओं ने प्रो० मिश्रा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। पूर्व छात्र शिवचन्द्र सिंह ने उन्हें ‘अजातशत्रु’ की उपाधि दी। मिलेनियम पब्लिक स्कूल बक्सर के निदेशक भरत प्रसाद ने कहा कि उनकी मुस्कान हर किसी के दुख को दूर कर देती थी।
प्रो० एस० के० मिश्रा के पुत्र निशित मिश्रा एवं डॉ० अमित मिश्रा ने भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। वार्ड पार्षद सिड्डू मियां ने भी कलेक्ट्रेट रोड का नामकरण उनके नाम पर किए जाने की मांग दोहराई। मंच संचालन रोहतास वी साहब ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ० निर्मल कुमार सिंह, निदेशक बक्सर पब्लिक स्कूल ने दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे महान शिक्षाविद की स्मृति में मार्ग का नामकरण ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।





