शादी के दो महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए हत्या का आरोप
बीबीगंज में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पति और सास गिरफ्तार


न्यूज़ विज़न। बक्सर
नगर थाना क्षेत्र के बीबीगंज मोहल्ले में रविवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार सोहनी पट्टी मोहल्ला निवासी कन्हैया पांडेय की पुत्री श्यामा कुमारी की शादी दिसंबर 2025 में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरपुर गांव निवासी स्वर्गीय संजय चौबे के पुत्र राहुल कुमार चौबे से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद श्यामा अपने पति और ससुराल वालों के साथ बीबीगंज मोहल्ले में के.के. मंडल महिला कॉलेज के समीप स्थित मकान में रहने लगी थी। मृतका के पिता कन्हैया पांडेय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष द्वारा दो लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की लगातार मांग की जा रही थी। दहेज नहीं मिलने पर श्यामा को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था।
पिता ने बताया कि रविवार को श्यामा ने फोन कर अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी दी थी। रविवार होने के कारण उन्होंने सोमवार को बेटी को मायके लाने का भरोसा दिया था। इसी बीच शाम करीब छह बजे श्यामा के पति राहुल चौबे ने फोन कर सूचना दी कि आपकी बेटी फंदे से लटकी हुई है। सूचना मिलते ही कन्हैया पांडेय तुरंत बीबीगंज स्थित ससुराल पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और उनकी बेटी पंखे में दुपट्टे के फंदे से लटकी हुई थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के पिता ने इस मामले में पति राहुल चौबे, सास सीमा देवी और ननद पूजा के खिलाफ दहेज के लिए गला दबाकर हत्या करने और बाद में शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाते हुए नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया गया है। ननद की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





