CRIME

नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुराव गांव में शुक्रवार की शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 26 वर्षीय संजू देवी के रूप में हुई है, जो तुराव गांव निवासी निरंजन राम की पत्नी थी। संजू देवी का मायका इटाढ़ी थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में है और वह भुन्ना राम की पुत्री थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। मृतका के पिता भुन्ना राम ने बताया कि शुक्रवार की शाम ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर उनकी बेटी को पेट दर्द होने की जानकारी दी गई थी। लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक संजू की मौत की सूचना दे दी गई, जिससे उन्हें संदेह हुआ। जब वे परिजनों के साथ तुराव गांव पहुंचे तो उन्होंने संजू के गले पर रस्सी के स्पष्ट निशान देखे, जिससे हत्या या आत्महत्या की आशंका और गहरी हो गई। परिजनों का आरोप है कि संजू की मौत सामान्य नहीं है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों के अनुसार संजू की शादी वर्ष 2021 में तुराव गांव निवासी निरंजन राम से हुई थी। शादी के बाद से ही दांपत्य जीवन में तनाव और पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

मामले की जानकारी मिलते ही नवानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में नवानगर थाना अध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि मृतका के पिता द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति निरंजन राम को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से मृतका के मायके पक्ष में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button