OTHERS

पर्यावरण संरक्षण के लिए जन भागीदारी आवश्यक, पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण पर ध्यान देना जरूरी : डीएम   

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 

मंगलवार को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार के भोजपुर वन प्रमंडल, आरा के तत्वावधान में आयोजित “जिला स्तरीय वन महोत्सव 2025” ने जिले में हरित विकास की दिशा में मजबूत संदेश दिया। सदर प्रखंड अंतर्गत चुरामनपुर पंचायत के जे.पी. खेल मैदान में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन जिला पदाधिकारी डॉ विद्यानंद सिंह,  पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रद्युम्न गौरव ने संयुक्त रूप से पौधारोपण एवं दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता अरुण कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर अविनाश कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

वनों के क्षेत्र पदाधिकारी बक्सर के द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत संबोधन किया गया एवं सभी लोगों को ज्यादा से ज्यादा पौधा लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिला पदाधिकारी ने संबोधन में बताया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी आवश्यक है, पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण पर समान ध्यान देना होगा। पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में बताया कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर चर्चा करते हुए वनों की सुरक्षा के ठोस उपाय सुझाए। पर्यावरणविद उमेश गुप्ता रौनियार ने सभी से जीवनकाल में कम से कम 12 पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। वन प्रमंडल पदाधिकारी ने युवाओं को वन विभाग की योजनाओं में सक्रिय सहयोग का निमंत्रण दिया।

 

कार्यक्रम में रूद्रा गुरुकुल ट्रस्ट द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक “अगर जंगल नहीं, तो जीवन भी नहीं” ने पर्यावरणीय चुनौतियों और नागरिक जिम्मेदारी पर प्रभावी संदेश दिया। अभिराम सुन्दर एवं उनकी टीम रुद्रा गुरुकुल ने जंगलों पर मंडराते खतरों और मानव की जिम्मेदारी को संवेदनशील अभिनय से दर्शाया। वन संरक्षण और जागरूकता पर आयोजित चित्रकला एवं लेखन प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के 24 विजेताओं को जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और वन अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वन महोत्सव में बिहार पब्लिक स्कूल बक्सर, डीएवी स्कूल, उच्च माध्यमिक विद्यालय चुरामनपुर के छात्र छात्राएं सम्मिलित हुए।

अंत में वनरक्षी केशव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में लगे सेल्फी प्वाइंट पर प्रतिभागियों ने उत्सव की यादें संजोईं। वन विभाग द्वारा आमजन को पौधे वितरित किए गए और सभी ने हरियाली के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। वन महोत्सव 2025 ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रशासन, विशेषज्ञों और समाज की एकजुटता से ही सतत विकास और हरित भविष्य संभव है। उक्त अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर साधुशरण पांडेय, जीविका DPM चंदन कुमार, वनपाल अभिषेक गुप्ता, वनरक्षी नितिश,रंजन, अनु, संतोष, धनजी पाण्डेय मुखिया चुरामनपुर एवं अन्य वनकर्मी, शिक्षकगण, बच्चे उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button