पुत्र के जन्मदिन पर स्कूल परिसर में विमलेश सिंह ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश




न्यूज़ विज़न। बक्सर
जब बच्चे अपने जन्मदिन पर खिलौने और केक की खुशियों में डूबे रहते हैं, वहीं रामोबोरिया गांव निवासी पर्यावरण प्रेमी विमलेश सिंह एवं सुधा देवी ने अपने पुत्र विनीत विनायक के 12वें जन्मदिवस को कुछ खास और प्रेरणादायक तरीके से मनाया। उन्होंने अपने पुत्र के स्कूल एस. एन. मेमोरियल स्कूल, आरा में पौधारोपण कर जन्मदिन को यादगार बना दिया।






विद्यालय के प्रबंध निदेशक जन्मेजय सिंह और प्राचार्य राजीव सर की उपस्थिति में 6 आम, 25 महोगनी और 2 बादाम के पौधे विनीत के हाथों लगाए गए। कार्यक्रम में शिक्षिका सोनी सिंह, सीमा सिंह, शिक्षक आशीष मिश्रा और पिंटू सिंह भी मौजूद रहे। सभी ने इस अनोखे जन्मदिन आयोजन की सराहना की।विमलेश सिंह ने बताया कि हम हर वर्ष अपने पुत्र के जन्मदिन पर पौधारोपण करते हैं। यही नहीं घर में कोई भी खुशी या ग़म का मौका हो, हम पेड़ लगाकर प्रकृति से जुड़ते हैं। आज हमारे घर के आसपास हरियाली से भरा एक बड़ा बगीचा तैयार हो चुका है। उन्होंने आगे कहा कि आज गांव में एक दर्जन फलदार पौधों का वितरण भी किया गया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।


विमलेश सिंह ने समाज से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने जन्मदिन या शादी की सालगिरह जैसे विशेष अवसर पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसका संरक्षण भी करना चाहिए। यही हमारे आने वाले कल की सबसे बड़ी सौगात होगी। यह प्रेरणादायक पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मजबूत कदम है, बल्कि समाज के लिए एक नई सोच और सकारात्मक उदाहरण भी पेश करती है।

