नप उपचुनाव के लिए मतदान की तैयारी पूरी, 28 जून को मतदान, 30 जून को परिणाम घोषित




न्यूज विज़न। बक्सर
नगर परिषद क्षेत्र में लंबे समय से प्रतीक्षित उपचुनाव का इंतजार अब खत्म हो गया है। 28 जून, शनिवार को वोटिंग की प्रक्रिया संपन्न होगी, जिसकी सभी तैयारियाँ जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं। इस उपचुनाव में नगर परिषद उप मुख्य पार्षद और वार्ड संख्या 20 के पार्षद पद के लिए मतदान कराया जाएगा।






डिस्पैच सेंटर से रवाना हुई पोलिंग पार्टियाँ
मतदान से एक दिन पूर्व, शुक्रवार को बक्सर के बाजार समिति परिसर में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से पोलिंग पार्टियाँ ईवीएम और आवश्यक चुनाव सामग्री के साथ अपने-अपने बूथों की ओर रवाना हुईं। सुबह 10 बजे से ही मतदान कर्मियों का डिस्पैच सेंटर पर पहुंचना शुरू हो गया था। उमस भरी गर्मी को देखते हुए प्रशासन द्वारा वहाँ कूलर और पंखों की समुचित व्यवस्था की गई थी।




डिस्पैच से पूर्व मतदान कर्मियों और पुलिस बल के लिए विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों ने उन्हें चुनाव से संबंधित निर्देश और आवश्यक जानकारियाँ दीं। मौके पर लाउडस्पीकर के माध्यम से पोलिंग पार्टियों के अधिकारियों के नामों की उद्घोषणा की जा रही थी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 946 सुरक्षाकर्मी तैनात
चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की है। कुल 225 पुलिस पदाधिकारी और 721 सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक पोलिंग पार्टी के साथ महिला एवं पुरुष सुरक्षाकर्मियों को हथियारों से लैस कर बूथों पर रवाना किया गया है।

42 वार्डों में 136 मतदान केंद्र स्थापित
नगर परिषद क्षेत्र के कुल 42 वार्डों में 136 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान शनिवार सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। इस अवधि में मतदाता अपने सुविधा अनुसार वोट डाल सकेंगे। प्रशासन ने सभी बूथों पर सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि किसी मतदाता को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
1.15 लाख मतदाता तय करेंगे 9 प्रत्याशियों का भविष्य
नगरपालिका उपचुनाव में 1,15,983 मतदाता कुल 9 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें से उप मुख्य पार्षद पद के लिए 6 प्रत्याशी और वार्ड संख्या 20 के पार्षद पद के लिए 3 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
उप मुख्य पार्षद पद के प्रत्याशी:
1. अंजलि देवी
2. कुलसुम खातून
3. बेबी देवी
4. मनीषा चौधरी
5. संजू देवी
6. सोनी देवी
वार्ड संख्या 20 के पार्षद पद के प्रत्याशी:
1. किरण देवी
2. सपना देवी
3. हिना परवीन
30 जून को मतगणना, तय होगी किस्मत
30 जून, रविवार को मतगणना के साथ यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस प्रत्याशी के सिर विजय का सेहरा बंधेगा। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नगरपालिका की राजनीति में नया संतुलन देखने को मिलेगा।
प्रशासन की अपील: लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए करें मतदान
जिला प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करने के लिए निर्भीक होकर मतदान करें और चुनाव में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

