देव दिवाली पर दीयों की रोशनी से जगमग हुआ शहर का गंगा घाट, रामरेखा घाट पर हुयी भव्य महाआरती




न्यूज़ विज़न। बक्सर
शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा व देव दिवाली के मौके पर शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर भव्य रूप से देव दीपावली का आयोजन किया गया। मौके पर पौराणिक रामरेखा घाट और अहिरौली घाट पर शाम 5 बजे के बाद से ही दीपों से सजाया जाने लगा था जो एक घंटे बाद पूरा घाट दिया की रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान वेद मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन किया गया।








रामरेखा घाट, नाथ घाट, सती घाट समेत अन्य घाटों पर दीपों को जलाने के क्रम में हजारों लोग लगे थे जिनमें महिलाओं और बच्चियों की संख्या भी कम नही थी। उधर गंगा आरती सेवा ट्रस्ट के द्वारा भी मां गंगा की भव्य आरती का आयोजन किया गया। वही मां गंगा की भव्य आरती ट्रस्ट के नियमित पुजारी अमरनाथ पांडेय तथा धनजी पांडेय व अन्य ने की।



देव दिवाली का महत्व बताते आचार्य लाला बाबा ने बताया कि मान्यताओं के अनुसार रावण वध के बाद देवताओं ने दीप जलाकर सूर्यवंश के सिरमौर श्रीराम के प्रति कृतज्ञता ज्ञापन करते अपनी प्रसन्नता जाहिर की थी। इस अवसर पर मंदिरों और देव स्थलों पर दीप जलाने की परंपरा है।
मौके पर ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि चार माह के शयन के बाद भगवान विष्णु के जगने पर देवताओं द्वारा दीप जलाकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दीवाली मनाई जाती है। इसलिए इस परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से ही मां गंगा के तट पर दिवाली मनाने की परंपरा चली आ रही है।
गंगा आरती के इस भव्य नजारा को देखने के लिए अनेक लोग नौका पर सवार हो दीपों की रोशनी से जगमग करते घाटों के अलौकिक दृश्य का अवलोकन कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व प्रशासनिक अधिकारी मनोज राय, सोशल एक्टिविस्ट वर्षा पांडेय, रेडक्रास सचिव श्रवण तिवारी, मिथिलेश तिवारी, आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार, श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ शशांक शेखर, सौरव तिवारी, पप्पू राय, ओम जी यादव समेत ट्रस्ट के अनेक लोग मौजूद थे।
वीडियो देखें :

