OTHERS

सुल्तानगंज के ईओ की हत्या के विरोध में नगर परिषद ने किया कामकाज ठप

सुल्तानगंज के ईओ की हत्या के विरोध में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारियों ने किया प्रतिकात्मक विरोध

न्यूज विजन। बक्सर

सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की कार्यालय में घुसकर गोली मारकर हत्या किए जाने के विरोध में नगर परिषद, बक्सर के अधिकारियों और कर्मचारियों में भारी आक्रोश दिखा। नप की सभापति कमरून निशा व ईओ कुमार ऋत्विक ने इस जघन्य वारदात को लेकर प्रतिकात्मक विरोध जताते हुए बुधवार को प्रशासनिक कार्य पूरी तरह ठप कर दिया।

 

 

उन्होंने कहा कि बीते 28 अप्रैल को सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय परिसर में असामाजिक तत्वों ने ईओ और मुख्य पार्षद राजकुमार गुड्डू पर गोलियों की बौछार कर दी, जिसमें ईओ की मौत हो गई। इस घटना को कर्मचारियों ने प्रशासनिक व्यवस्था के मनोबल को तोड़ने वाला करार दिया। कर्मियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान एक लोक सेवक और जन-प्रतिनिधि पर हमला होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

 

 

हालांकि, आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति और सफाई जैसी अति-आवश्यक सेवाओं को इस बहिष्कार से मुक्त रखा गया। इस संबंध में नगर परिषद की सभापति कमरून निशा ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि सुल्तानगंज में अधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों पर हुआ हमला कायरतापूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जब प्रशासनिक अधिकारी ही सुरक्षित नहीं होंगे, तो व्यवस्था का सुचारु संचालन संभव नहीं है। उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की। यह कार्य बहिष्कार प्रतीकात्मक विरोध है, ताकि प्रशासन और सरकार इस मुद्दे की गंभीरता को समझे। साथ ही नगरवासियों से सहयोग की अपील की गई है।

 

 

नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य आम जनता को असुविधा पहुंचाना नहीं, बल्कि कार्यस्थल पर भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना है। स्थिति सामान्य होते ही कार्यालय के पुनः संचालन की सूचना दे दी जाएगी। फिलहाल, नगरवासियों से धैर्य बनाए रखने और सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button