हेरिटेज स्कूल, बक्सर में बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए भव्य शुभकामना सह सम्मान समारोह आयोजित
कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने तिलक एवं पुष्प वर्षा से किया स्वागत, प्रबंधन और शिक्षकों ने दिए सफलता के महत्वपूर्ण मंत्र


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बुधवार को हेरिटेज स्कूल, बक्सर में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए आगामी बोर्ड परीक्षा से पूर्व शुभकामना सह सम्मान समारोह का आयोजन सौहार्दपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सफलता हेतु प्रेरित करना था।
समारोह की शुरुआत कक्षा 9 के विद्यार्थियों द्वारा अपने वरिष्ठ साथियों के पारंपरिक स्वागत से हुई। नवम वर्ग के छात्र-छात्राओं ने तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों का अभिनंदन किया, जिससे पूरा वातावरण उल्लास और सम्मान से भर उठा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय के प्रेसिडेंट प्रेम पाठक, प्राचार्या डॉ. सुषमा कुमारी एवं निदेशक डॉ. प्रदीप पाठक से बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन एवं महत्वपूर्ण टिप्स प्राप्त किए। प्रबंधन ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच को सफलता की कुंजी बताते हुए पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की प्रेरणा दी।विद्यालय प्रबंधन एवं सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और अनुशासन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। वक्ताओं ने छात्रों से परीक्षा के दौरान संयम बनाए रखने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9 के विद्यार्थियों ने अपने वरिष्ठ साथियों को उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट किया। भावनात्मक माहौल में कई विद्यार्थियों ने अपने विद्यालयीन अनुभव साझा किए और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का मार्गदर्शन, अनुशासन और शिक्षकों का सहयोग उनके जीवन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समारोह का समापन वरीय शिक्षक पुष्पेंदु मिश्रा के धन्यवाद ज्ञापन एवं शुभकामनाओं के साथ हुआ। कार्यक्रम में शिक्षकगण मनीष कुमार पांडे, राकेश रंजन, विमलाकर मिश्रा, सुशील शर्मा, अंकुर पांडे, राजा बाबू, विवेक कुमार, प्रवल कुमार, अजय कुमार सिंह, अल्का सिन्हा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। पूरे समारोह ने विद्यार्थियों को नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ बोर्ड परीक्षा की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया।





