CRIME

बक्सर की बहू तनुजा की संदिग्ध मौत: वाराणसी पुलिस ने सेना के जवान पति को किया गिरफ्तार, हत्या और प्रताड़ना के गंभीर आरोप

दूसरी महिला से कथित संबंध, लंबे समय से घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का आरोप; पोस्टमार्टम के बाद पति जेल भेजा गया, पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के मंझरिया गांव की बहू तनुजा सिंह (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के वाराणसी पुलिस ने मृतका के सेना में कार्यरत पति सत्येंद्र कुमार सिंह उर्फ अनु को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति समेत ससुराल के कई लोगों पर हत्या, प्रताड़ना और दूसरी महिला से कथित अवैध संबंध के कारण उत्पीड़न करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के रामपुर मोहल्ले की है, जहां रविवार शाम तनुजा सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मृतका के भाई मनु सिंह मौके पर पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर अपनी बहन की हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तथा आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

बक्सर के मंझरिया गांव का रहने वाला है आरोपी

जानकारी के अनुसार, आरोपी सत्येंद्र कुमार सिंह मूल रूप से बक्सर जिले के मंझरिया गांव का निवासी है। उसके पिता शेषनारायण सिंह पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त दरोगा हैं और पिछले लगभग 20 वर्षों से वाराणसी में रह रहे हैं। सत्येंद्र भारतीय सेना की मेडिकल कोर में कार्यरत है और वर्तमान में पंजाब के भटिंडा में तैनात है। सत्येंद्र और तनुजा की शादी वर्ष 2017 में भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के विशंभरपुर गांव में हुई थी। दंपती का एक तीन वर्षीय पुत्र भी है।

वर्षों से प्रताड़ना का आरोप

मृतका के भाई मनु सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ वर्षों बाद से ही तनुजा को पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी और ननद द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसकी जानकारी तनुजा समय-समय पर फोन, फोटो और वीडियो के माध्यम से अपने मायके वालों को देती थी।

फिनाइल पिलाने और आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप

परिजनों का आरोप है कि जून माह में भटिंडा में रहने के दौरान पति ने तनुजा को जबरन फिनाइल पिलाने का प्रयास किया था। इसके अलावा उस पर आत्महत्या के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया गया है। मृतका के भाई का यह भी दावा है कि तनुजा ने उसे बताया था कि उसके पति का एक संपन्न महिला से कथित अवैध संबंध था। इसी कारण उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था और मानसिक दबाव बनाया जाता था।

मौत से एक दिन पहले आया था फोन

मनु सिंह के अनुसार, घटना से एक दिन पहले उसकी बहन के मोबाइल से फोन आया था, लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर सका। बाद में उसी नंबर पर फोन करने पर जेठानी ने बताया कि तनुजा वहां नहीं है। अगले दिन शाम को ससुर ने फोन कर उसकी मौत की सूचना दी, जिसके बाद परिवार वाराणसी पहुंचा।

महिला संगठनों में आक्रोश

घटना के बाद महिला संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं में भी भारी आक्रोश है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की है।

पुलिस बोली— सभी पहलुओं से हो रही जांच
वाराणसी पुलिस का कहना है कि मामले में मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने कहा कि मामले के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button