OTHERS

ब्रह्मपुर में बक्सर डाक मंडल की समीक्षा बैठक, विभागीय योजनाओं और व्यवसायिक उपलब्धियों पर हुआ मंथन

सहायक निदेशक शंभू कुमार ने अधिकारियों व ग्रामीण डाक सेवकों को दिए लक्ष्य प्राप्ति के निर्देश, बेहतर ग्राहक सेवा और डाक व्यवसाय विस्तार पर दिया जोर

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर डाक मंडल के कार्य निष्पादन, व्यवसायिक उपलब्धियों एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से ब्रह्मपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी ग्रामीण डाक सेवकों (GDS), संबंधित उप मंडलीय प्रधान (Sub Divisional Head) तथा उनकी टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, डाक व्यवसाय के विस्तार और जनसेवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता सहायक निदेशक (एफ.एस.) शंभू कुमार ने की। उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं, डाक उत्पादों, वित्तीय सेवाओं तथा व्यवसायिक प्रदर्शन की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डाक विभाग की पहचान उसकी विश्वसनीय सेवाओं से है, इसलिए ग्राहकों को बेहतर, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में डाक विभाग की पहुंच को और अधिक मजबूत बनाने, बचत योजनाओं, डाक जीवन बीमा, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक सहित अन्य विभागीय सेवाओं का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने तथा नए ग्राहकों को जोड़ने पर विशेष बल दिया। साथ ही अधिकारियों से कहा कि वे क्षेत्र में लोगों को विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

बैठक में कुमारी सरिता ने भी अपने विचार रखते हुए विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने टीमवर्क, जवाबदेही और सेवा भावना को विभाग की सफलता का आधार बताते हुए सभी कर्मचारियों से पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर निरीक्षक डाक (व्यवसाय विकास) राजीव कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने डाक विभाग के विभिन्न उत्पादों एवं सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, व्यवसाय वृद्धि और नए ग्राहकों को जोड़ने के लिए ग्रामीण डाक सेवकों एवं अधिकारियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ डाक विभाग नई-नई सेवाओं के माध्यम से लोगों की आवश्यकताओं को पूरा कर रहा है और इन सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना सभी कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।

बैठक के दौरान प्रतिभागियों के साथ संवाद स्थापित कर क्षेत्रीय स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीण डाक सेवकों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

बैठक के अंत में सभी अधिकारियों एवं ग्रामीण डाक सेवकों ने विभागीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति, उत्कृष्ट ग्राहक सेवा, व्यवसायिक विकास और बक्सर डाक मंडल के समग्र प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूर्ण समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहितकारी सेवाओं को अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button