OTHERS

बक्सर में 19 से 23 जुलाई तक सजेगा राज्य स्तरीय बैडमिंटन महाकुंभ, बिहारभर के 200 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे दम

अंडर-13 एवं अंडर-15 बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता स्थानीय इंडोर स्टेडियम में होगी आयोजित, 19 जुलाई को डीएम करेंगे उद्घाटन, एसपी शुभम आर्य होंगे मुख्य अतिथि

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आगामी 19 से 23 जुलाई तक आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता को लेकर गुरुवार को स्थानीय इंडोर स्टेडियम परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा तथा खिलाड़ियों की सहभागिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान जिले के कई वरिष्ठ एवं सक्रिय पत्रकार मौजूद रहे।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से अंडर-13 एवं अंडर-15 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में करीब 200 खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। पांच दिनों तक चलने वाले इस राज्य स्तरीय आयोजन में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 जुलाई को सुबह 10 बजे स्थानीय इंडोर स्टेडियम में होगा। उद्घाटन जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा। वहीं पुलिस अधीक्षक बक्सर शुभम आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव सहित जिले के कई प्रशासनिक अधिकारी और खेल प्रेमी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक विभिन्न वर्गों के मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना तथा जिले में बैडमिंटन खेल को नई पहचान दिलाना है।

प्रेस वार्ता में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के संरक्षक एवं वरीय चिकित्सक डॉ. महेंद्र प्रसाद, सचिव उमेश कुमार सिंह, प्रतियोगिता संयोजक धनंजय सिंह, संयुक्त सचिव आशुतोष राय, संयुक्त कोषाध्यक्ष महेश कुमार भौतिका, दीपक सिंह, क्रांति सिंह, कोषाध्यक्ष मनजीत सिंह, संयुक्त कोषाध्यक्ष प्रवीण पोद्दार, उपाध्यक्ष सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

एसोसिएशन ने जिले के खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में इंडोर स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और राज्य स्तरीय इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button