चौसा पावर प्लांट का कर्मी 28 जून से लापता, परिजनों ने थाने में लगाई गुहार; तलाश में जुटी पुलिस
ड्यूटी के बाद घर नहीं लौटे पारसी गांव निवासी हिमांशु उपाध्याय, साथी कर्मचारी के पास मिला मोबाइल; सूचना देने वालों से परिजनों की अपील

न्यूज विज़न। बक्सर
जिले के चौसा पावर प्लांट में कार्यरत इटाढ़ी प्रखंड के पारसी गांव निवासी हिमांशु उपाध्याय पिछले 28 जून से लापता हैं। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह घर नहीं लौटे, जिसके बाद से परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो शुक्रवार को परिजनों ने मुफस्सिल थाना पहुंचकर लिखित आवेदन देकर युवक की बरामदगी की गुहार लगाई।
लापता युवक के बड़े भाई ओमप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि हिमांशु 28 जून को ड्यूटी पर गए थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
उन्होंने बताया कि हिमांशु का मोबाइल फोन उनके साथ काम करने वाले एक युवक अनूप उपाध्याय (पिता- वीरेंद्र उपाध्याय, निवासी दलसागर) के पास मिला। पूछताछ के दौरान अनूप ने बताया कि उसे यह मोबाइल किसी अन्य युवक ने दिया था। हालांकि हिमांशु के संबंध में अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है, जिससे परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन पुलिस से जल्द से जल्द हिमांशु का पता लगाने की मांग कर रहे हैं।
इधर, परिवार ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी को हिमांशु उपाध्याय के संबंध में कोई भी जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दें, तो कृपया 7979998355 पर तत्काल सूचना दें, ताकि उन्हें सकुशल घर वापस लाया जा सके।





