नानी के घर शादी में आया तीन वर्षीय बच्चा खेलने के दौरान हुआ गायब




न्यूज विजन। बक्सर
जिले के मुफसील थाना क्षेत्र अंतर्गत लरई गांव से दरवाजे पर खेल रहा तीन वर्षीय बच्चा गायब होने की सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी गई। जिसके पश्चात पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं। बच्चा गायब होने के परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल हो गया है।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार यूपी के गाजीपुर जिला अंतर्गत रेवतीपुर गांव के अभिषेक राय का ससुराल मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लरई गांव में हैं। ससुराल में किसी की शादी होने वाली है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए अभिषेक की पत्नी अपने तीन वर्षीय पुत्र सार्थक राय के साथ आई थी। रविवार को घर के लोग शादी के कार्यक्रम में व्यस्त थे। सार्थक दरवाजे पर ही खेल रहा था। खेलने के दौरान सार्थक गायब हो गया। काफी देर तक बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दिया। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर बच्चे की बरामदगी को लेकर जुट गई है। पुलिस सोशल मीडिया के सहारे भी बच्चे की तलाश कर रही है। बच्चा गायब होने के दौरान पिला रंग का स्वेटर पहने हुए था। बच्चा के गायब होने के बाद परिजनों का रो -रो कर बुरा हाल हो गया। 24 घंटा से ज्यादा समय गुजरने के साथ पुलिस पर बच्चा बरामदगी को लेकर दबाव बढ़ता जा रहा है।









