OTHERS

वामन द्वादशी पर 23 सितंबर को निकलेगी भगवान वामन की भव्य रथ यात्रा, तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

किला मैदान से सुबह 8 बजे शुरू होगी यात्रा, शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वामन मंदिर पहुंचेगा रथ; समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच होगा महाप्रसाद वितरण

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
वामन द्वादशी के अवसर पर भगवान वामन की प्रस्तावित रथ यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को भव्य, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से वामन ग्लोबल फाउंडेशन की आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अब तक की तैयारियों की समीक्षा के साथ रथ यात्रा से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के तहत किए गए कार्यों की जानकारी दी तथा शेष तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

 

बैठक के दौरान रथ यात्रा के निर्धारित रूट, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं तथा महाप्रसाद वितरण को लेकर विशेष रूप से मंथन किया गया। आयोजन समिति ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जा रहा है। साथ ही सभी सदस्यों से आपसी समन्वय बनाकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की गई।

 

23 सितंबर को सुबह 8 बजे किला मैदान से निकलेगी रथ यात्रा
भगवान वामन की रथ यात्रा 23 सितंबर को सुबह 8 बजे किला मैदान स्थित रामलीला मंच से प्रारंभ होगी। यहां से रथ यात्रा पुलिस चौकी, रामरेखा घाट, पी.पी. रोड, मुनीम चौक, यमुना चौक, ठठेरी बाजार मोड़, सब्जी मंडी मेन रोड, आदर्श नगर थाना, कॉलेज गेट मोड़ और जेल मोड़ होते हुए भगवान वामन मंदिर पहुंचेगी। आयोजन समिति की बैठक में निर्धारित रूट को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। समिति की ओर से यात्रा मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की बात कही गई। रथ यात्रा के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।

सपरिवार रथ यात्रा में शामिल होने की अपील
आयोजन समिति की ओर से शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार भगवान वामन की रथ यात्रा में शामिल होने की अपील की गई है। समिति का उद्देश्य वामन द्वादशी के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन को श्रद्धा, उत्साह और आपसी सहभागिता के साथ संपन्न कराना है। वामन ग्लोबल फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राकेश राय (कल्लू राय) ने कहा कि वामन द्वादशी के अवसर पर आयोजित रथ यात्रा को लेकर फाउंडेशन के सभी सदस्य उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हैं। बैठक के माध्यम से अब तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है और आयोजन को और बेहतर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जरूरी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग और आपसी समन्वय से रथ यात्रा को सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

बैठक में प्रेम जी मिश्रा, सिकन्दर सिंह, बबुआ राय, दीपक सिंह (पार्षद), राहुल राय, प्रेम प्रकाश तिवारी, सागर सिंह, राकेश रंजन सिंह, मुकेश कुमार, तुफानी यादव, रिषि सिंह, मनोरंजन पाण्डेय, विजय मिश्रा, सचिन पाण्डेय सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button